भागलपुर के हिमांशु ने तीरंदाजी में जीता गोल्ड, राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का समापन

सैंडिस कंपाउंड में राज्यस्तरीय विद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन हुआ। भागलपुर के हिमांशु कुमार ने रिकर्व राउंड में स्वर्ण पदक जीता, जबकि इंडियन और कंपाउंड राउंड में पटना एवं मगध के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
भागलपुर | B Live डेस्क
भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में आयोजित राज्यस्तरीय विद्यालय तीरंदाजी बालक खेल प्रतियोगिता 2026-27 का 26 नवंबर को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों और एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में रिकर्व राउंड में भागलपुर के हिमांशु कुमार ने 252 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। मगध प्रमंडल के बंटी कुमार 236 अंकों के साथ दूसरे और मुंगेर प्रमंडल के इंद्रजीत कुमार भगत 172 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
इंडियन राउंड में पटना के आयुष कुमार ने 331 अंक प्राप्त कर प्रथम, राहुल कुमार ने 329 अंक के साथ द्वितीय और पीयूष कुमार केसरी ने 313 अंक के साथ तृतीय स्थान हासिल किया। दोनों राउंड के संयुक्त स्कोर में भी आयुष कुमार 655 अंकों के साथ पहले, राहुल कुमार 636 अंकों के साथ दूसरे और पीयूष कुमार केसरी 628 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं, कंपाउंड राउंड में मगध प्रमंडल के आदर्श कुमार ने 338 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पटना के नयन कुमार 328 अंकों के साथ दूसरे और बीएसएसएस के हर्ष नंद 84 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
समापन समारोह में अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) सह प्रभारी जिलाधिकारी राकेश रंजन, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेम शंकर सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। जिला खेल पदाधिकारी मो. शमीम अंसारी ने अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के लिए तीरंदाजी मैदान, आवासन, भोजन और पेयजल सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। जिला खेल पदाधिकारी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों एवं अन्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
