भागलपुर में जनता दरबार में 14 आवेदनों पर सुनवाई, अधिकारियों को जांच और कार्रवाई के निर्देश

भागलपुर में जिलाधिकारी के जनता दरबार में 14 आवेदनों पर सुनवाई हुई। भूमि विवाद, फसल अनुदान में अनियमितता और विद्यालय भवन निर्माण सहित विभिन्न मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भागलपुर | B Live डेस्क
भागलपुर में आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित जिलाधिकारी के जनता दरबार में कुल 14 आवेदनों पर सुनवाई की गई। सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस जनता दरबार में भूमि विवाद, कृषि, शिक्षा और पुलिस विभाग सहित विभिन्न मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में नाथनगर प्रखंड के निवासी विष्णु मंडल ने फसल अनुदान में अनियमितता को लेकर आवेदन दिया। इस मामले को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला कृषि पदाधिकारी, भागलपुर को भेजा गया।
वहीं, इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के बसगढ़ा निवासी महेंद्र पासवान ने बिहार सरकार से परवाना के माध्यम से प्राप्त जमीन पर कथित रूप से जबरन कब्जा कर बेदखल किए जाने की शिकायत की। इस मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए अपर समाहर्ता, राजस्व शाखा, भागलपुर को अग्रसारित किया गया।
इसके अलावा शाहकुंड प्रखंड के उर्दू कन्या मध्य विद्यालय, इंग्लिश के प्रधानाध्यापक मो. मसरूर आलम ने विद्यालय के जर्जर भवन के स्थान पर नए भवन के निर्माण से संबंधित आवेदन दिया। इस आवेदन को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी, भागलपुर को भेजा गया।
जनता दरबार में जिला जन शिकायत प्रभारी श्रीमती सुभाषिणी प्रसाद, वरीय उप समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन के अनुसार, जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समाधान सुनिश्चित करना है।
