भागलपुर में 1500 से अधिक शिक्षकों का अक्टूबर का वेतन अटका, सभी बीईओ से स्पष्टीकरण तलब

भागलपुर में अक्टूबर 2026 का वेतन भुगतान लंबित रहने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी बीईओ और संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। विभाग के अनुसार, 1500 से अधिक शिक्षकों के वेतन विपत्रों में HRA और CTA की गणना संबंधी त्रुटियों के कारण भुगतान अटका है। अधिकारियों को संशोधित विपत्र तत्काल जमा करने का निर्देश दिया गया है।
भागलपुर | B Live डेस्क
भागलपुर जिले के सरकारी शिक्षकों के अक्टूबर 2026 के वेतन भुगतान में देरी को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिले के करीब 1500 से अधिक शिक्षकों का वेतन भुगतान लंबित रहने के मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) और संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 16 नवंबर 2026 को पत्र जारी किया गया है।
जारी पत्र के अनुसार, अक्टूबर माह का वेतन भुगतान नहीं होने का प्रमुख कारण संबंधित अधिकारियों की ओर से भेजे गए वेतन विपत्रों में त्रुटियां बताई गई हैं। पत्र में कहा गया है कि नियमानुसार जिन शिक्षकों को जितना HRA (मकान किराया भत्ता) और CTA (शहर प्रतिपूर्ति भत्ता) देय है, उसके अनुरूप वेतन विपत्र तैयार नहीं किया गया। इस वजह से वेतन भुगतान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इसे गंभीर मामला बताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वेतन विपत्रों में आवश्यक संशोधन कर वास्तविक देय दर के अनुसार HRA और CTA का विवरण ठीक किया जाए तथा संशोधित विपत्र तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो सके।
पत्र में संबंधित अधिकारियों से यह भी स्पष्टीकरण मांगा गया है कि इस प्रकार की लापरवाही के लिए उनके विरुद्ध उच्चाधिकारियों को प्रतिवेदित क्यों नहीं किया जाए।
दिवाली और छठ से पहले भुगतान के निर्देश के बावजूद वेतन लंबित
गौरतलब है कि दिवाली और छठ महापर्व को देखते हुए निदेशालय स्तर से शिक्षकों का वेतन समय पर भुगतान करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद जिले के बड़ी संख्या में शिक्षकों का अक्टूबर माह का वेतन अब तक लंबित रहना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
वेतन भुगतान में देरी से संबंधित शिक्षकों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब देखना होगा कि संशोधित वेतन विपत्र जमा होने के बाद भुगतान की प्रक्रिया कितनी जल्दी पूरी होती है और शिक्षकों को उनका बकाया वेतन कब तक मिल पाता है।
