भागलपुर में जनता दरबार: 29 आवेदनों पर सुनवाई, अधिकांश मामले भूमि विवाद के

सात निश्चय-3 के तहत "सबका सम्मान-जीवन आसान" कार्यक्रम में सोमवार को समीक्षा भवन में जनता दरबार हुआ, जहाँ अपर समाहर्ता सीमा कुमारी की अध्यक्षता में 29 आवेदनों पर सुनवाई की गई। अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद से जुड़ी थीं।
भागलपुर | B Live डेस्क
सात निश्चय-3 के तहत "सबका सम्मान-जीवन आसान" कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार, 23 नवंबर 2026 को समीक्षा भवन, भागलपुर में जनता दरबार आयोजित किया गया। अपर समाहर्ता श्रीमती सीमा कुमारी की अध्यक्षता में हुए इस दरबार में आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों से जुड़े कुल 29 आवेदनों पर सुनवाई की गई। दरबार में प्राप्त आवेदनों में अधिकांश मामले भूमि विवाद से संबंधित थे। इसके अतिरिक्त आर्म्स, विद्युत विभाग से मुआवजा, भू-अर्जन तथा पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़े मामले भी आए। नाथनगर प्रखंड निवासी सुदेश कुमार ने जमीन की जमाबंदी में गलत नाम सुधारने और फार्मर आईडी जारी करने संबंधी आवेदन दिया, जिसे आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला राजस्व कार्यालय, भागलपुर भेजा गया। वहीं ग्राम मोहनपुर, थाना गोराडीह निवासी छविकान्त मंडल के जमीन के मुआवजे की राशि प्राप्त करने पर रोक लगाने संबंधी मामले को भू-अर्जन पदाधिकारी, भागलपुर को अग्रसारित किया गया। इस्माईलपुर प्रखंड की प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति से जुड़े मतीश कुमार ने बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक बुलाने और संबंधित पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को सूचित कर बैठक आयोजित करने का आवेदन दिया। इस आवेदन को प्रखंड विकास पदाधिकारी, इस्माईलपुर को भेजा गया। जनता दरबार में नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों और पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के लिए आवेदन अग्रसारित किए गए। इस अवसर पर अपर समाहर्ता (आपदा) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
