पीरपैंती से कहलगांव तक विकास की बड़ी सौगात, भागलपुर को मिलीं 4 बड़ी योजनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 नवंबर को भागलपुर से जुड़ी ऊर्जा, उच्च शिक्षा और नगर विकास की कई योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्लांट के लिए 3,363.01 करोड़ की ट्रांसमिशन परियोजना, कहलगांव में दो 33 केवी फीडर, भागलपुर में 3.71 करोड़ का साइंस ब्लॉक और 45.99 करोड़ की लागत वाला 6 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट शामिल हैं।
भागलपुर | B Live डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 नवंबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से भागलपुर जिले से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें ऊर्जा, उच्च शिक्षा तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं से जिले में बिजली आपूर्ति, शैक्षणिक सुविधाओं और शहरी आधारभूत संरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पीरपैंती बिजली परियोजना के लिए 3,363 करोड़ की ट्रांसमिशन योजना
पीरपैंती में प्रस्तावित 3×800 मेगावाट सुपर थर्मल पावर प्लांट से उत्पादित बिजली की निकासी के लिए 3,363.01 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराज्यीय विद्युत संचरण परियोजना विकसित की जाएगी। इसके माध्यम से लगभग 2,400 मेगावाट बिजली बिहार के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक ट्रांसमिशन आधारभूत संरचना तैयार होगी।
प्रशासन के अनुसार, इस परियोजना से राज्य के करीब एक करोड़ परिवारों की ऊर्जा मांग पूरी करने में सहायता मिलेगी। वहीं, पावर प्लांट में लगभग 26,500 करोड़ रुपये के निवेश से क्षेत्र में 10,000 से 12,000 निर्माण संबंधी रोजगार तथा करीब 3,000 स्थायी रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
कहलगांव में बिजली आपूर्ति होगी मजबूत
कहलगांव ग्रिड उपकेंद्र में दो 33 केवी फीडर के निर्माण पर 2.87 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें से एक फीडर निर्माणाधीन 33 केवी राजगांव (बरमसिया) पावर सब-स्टेशन को जोड़ेगा, जिससे लगभग 16 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
दूसरे 33 केवी फीडर को पीरपैंती पावर सब-स्टेशन से वैकल्पिक विद्युत स्रोत के रूप में जोड़ा जाएगा। इससे करीब 40 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलने के साथ संबंधित क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध होगी।
भागलपुर में बनेगा आधुनिक साइंस ब्लॉक
उच्च शिक्षा विभाग के तहत भागलपुर में शैक्षणिक भवन (साइंस ब्लॉक) के निर्माण के लिए 3.71 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित की गई है। इसके निर्माण से कॉलेज के विद्यार्थियों को नई विज्ञान प्रयोगशालाएं और कक्षाएं उपलब्ध होंगी। इससे बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।
कहलगांव में 45.99 करोड़ से बनेगा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट
नगर विकास एवं आवास विभाग के तहत कहलगांव में इंटरसेप्शन एंड डायवर्जन (I&D) तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना की लागत 45.99 करोड़ रुपये निर्धारित है। इसके अंतर्गत 6 एमएलडी क्षमता वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया है।
परियोजना के पूरा होने पर शहर का सीवेज सीधे गंगा नदी में प्रवाहित होना बंद होगा। सीवेज के पानी का उपचार कर उसे प्रवाहित करने से गंगा की स्वच्छता, जल गुणवत्ता में सुधार और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
