भागलपुर संग्रहालय के 50 साल पूरे, गोल्डन जुबली पखवाड़े का भव्य शुभारंभ; लोकनृत्य और छठ की झांकी ने मोहा मन

भागलपुर संग्रहालय की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर 11 नवंबर को गोल्डन जुबली पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में लोकनृत्य, लोकगीत, छठ की झांकी और फोटो प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहे। 26 नवंबर तक कई सांस्कृतिक, शैक्षणिक और कलात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भागलपुर | B Live डेस्क
भागलपुर संग्रहालय की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को गोल्डन जुबली पखवाड़े का भव्य शुभारंभ किया गया। संग्रहालय परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह का उद्घाटन जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सह सहायक संग्रहालय अध्यक्ष अंकित रंजन ने किया। इस अवसर पर कलाकारों ने लोकनृत्य और लोकगीतों की आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं, छठ महापर्व की सांस्कृतिक महत्ता और लोक परंपराओं को दर्शाती विशेष झांकी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
समारोह के दौरान आयोजित फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से भागलपुर की कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों, शिक्षाविदों, इतिहासकारों, कलाकारों और आम नागरिकों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं और प्रदर्शित कलाकृतियों का अवलोकन किया।
50 वर्षों की विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने की पहल
अंकित रंजन ने कहा कि भागलपुर संग्रहालय के 50 वर्ष पूरे होना केवल एक संस्थान की स्थापना के पांच दशक पूरे होने का अवसर नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की ऐतिहासिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक स्मृतियों के संरक्षण की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। संग्रहालय का उद्देश्य केवल प्राचीन वस्तुओं को सुरक्षित रखना नहीं, बल्कि अतीत को वर्तमान से जोड़ना और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से परिचित कराना भी है।
उन्होंने बताया कि संग्रहालय में ताम्रपाषाण युग से आधुनिक काल तक की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्ता वाली अनेक कलाकृतियां संरक्षित हैं। इनमें टेराकोटा की कलाकृतियां, पाषाण एवं धातु की मूर्तियां, प्राचीन सिक्के और पांडुलिपियां शामिल हैं। इसके अलावा संग्रहालय में मंजूषा कला दीर्घा, गांधी गैलरी और प्रकृति-संस्कृति के संबंध को दर्शाने वाली नवग्रह वाटिका भी विकसित की गई है।
26 नवंबर तक होंगे सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रम
गोल्डन जुबली पखवाड़े का आयोजन 26 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान कवि सम्मेलन, पुरातत्व, इतिहास एवं संग्रहालय विषयक संगोष्ठी, विभिन्न कलाओं पर कार्यशालाएं, टेराकोटा कला कार्यशाला, योग एवं आर्टिस्ट कैंप, संग्रहालय कर्मियों की विचार गोष्ठी और सम्मान समारोह सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पखवाड़े के दौरान प्रतिदिन संध्या में स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। संग्रहालय की ओर से स्थानीय कला एवं कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिमाह मंजूषा हटिया का आयोजन भी किया जाता है, जहां कलाकारों को अपनी कलाकृतियों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिलता है।
गोल्डन जुबली समारोह का उद्देश्य भागलपुर की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ आम नागरिकों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और कलाकारों की संग्रहालय के प्रति भागीदारी बढ़ाना है।
