PUC सर्टिफिकेट के नियम बदले: अब वाहन की उम्र और श्रेणी के हिसाब से तय होगी वैधता

केंद्र सरकार ने केंद्रीय मोटर वाहन (सोलहवां संशोधन) नियम, 2026 के तहत PUC सर्टिफिकेट की वैधता में बदलाव किया है। अब इसकी अवधि वाहन के BS उत्सर्जन मानक, परिवहन या गैर-परिवहन श्रेणी और उम्र के अनुसार तीन महीने से लेकर तीन साल तक होगी। नए प्रावधान पहले नवीनीकरण के समय से लागू होंगे।
देश | B Live डेस्क
वाहन चालकों के लिए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) से जुड़े नियमों में बदलाव किया गया है। केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर वाहन (सोलहवां संशोधन) नियम, 2026 अधिसूचित किए हैं। भारत के राजपत्र में 16 नवंबर 2026 को प्रकाशित इस अधिसूचना के अनुसार अब PUC सर्टिफिकेट की वैधता वाहन के उत्सर्जन मानक, प्रकार और उसकी उम्र के आधार पर निर्धारित होगी।
नए नियमों के तहत BS-I, BS-II और BS-III मानक वाले सभी मोटर वाहनों के PUC सर्टिफिकेट की वैधता तीन महीने, जबकि BS-IV मानक वाले वाहनों के लिए छह महीने होगी।
वहीं, BS-VI मानक वाले गैर-परिवहन वाहनों के लिए पहली रजिस्ट्रेशन की तारीख से छह वर्ष तक PUC सर्टिफिकेट तीन साल में एक बार बनवाना होगा। छह वर्ष से अधिक और दस वर्ष तक पुराने वाहनों के लिए इसकी वैधता एक वर्ष तथा दस वर्ष से अधिक पुराने वाहनों के लिए छह महीने होगी।
BS-VI मानक वाले परिवहन वाहनों के लिए पहली रजिस्ट्रेशन से छह वर्ष तक PUC सर्टिफिकेट दो वर्ष में एक बार, छह वर्ष से अधिक और दस वर्ष तक एक वर्ष में एक बार तथा दस वर्ष से अधिक पुराने वाहनों के लिए हर छह महीने में नवीनीकरण कराना होगा।
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नए नियम लागू होने से पहले जारी PUC प्रमाणपत्रों की वैधता नए प्रावधानों के तहत उनके पहले नवीनीकरण के समय से लागू होगी।
इस बदलाव के बाद वाहन मालिकों को अपने वाहन की श्रेणी, उत्सर्जन मानक और पहली रजिस्ट्रेशन की तारीख के अनुसार PUC प्रमाणपत्र की वैधता का ध्यान रखना होगा।
